काशीपुर नगर निगम की जे सी बी द्वारा मृत पशुओं को पौराणिक आस्था के केंद्र माने जाने वाले चैती मंदिर के मैदान में लावारिस पशुओं को दफना कर काशीपुर के लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है, और चिंताजनक यह है की नगर निगम ने इस बात की जानकारी होने से इनकार किया है। घटना आज सुबह घटी जब नगर निगम की जे सी बी एक मृत पशु को लेकर दफनाने के लिए चैती मंदिर के पास के मैदान में पहुच गयी, इस बात की जानकारी जब मंदिर के मुख्य पंडा श्री विकास अग्निहोत्री जी को मिली तो उन्होंने इस पर कड़ा विरोध दर्ज करते हुए मीडियाकर्मियों को वहाँ बुला लिया, मीडिया कर्मियों के पूछने पर जे सी बी के ड्राइवर ने काफी समय से मृत पशुओं को चैती मंदिर के मैदान में दफनाए जाने की पुष्टि की, हालांकि ड्राइवर द्वारा यह भी कहा गया की इस काम के लिए उसे नगर निगम से कोई आदेश नहीं मिला है, बल्कि पास में ही बनी गौशाला के कर्मचारियों के निर्देश पर ऐसा किया जा रहा है। किन्तु सोचने का विषय यह है की नगर निगम के आदेश के बिना निगम के वाहन का प्रयोग किया जाना किस प्रकार संभव है। फिलहाल घटना की जानकारी मिलने के बाद मेयर श्री दीपक बाली जी ने इस संबंध में कोई जानकारी होने से इनकार किया तथा निगम के ड्राइवर के विरुद्ध कठोर कार्यवाही किए जाने का आश्वासन दिया है। किन्तु फिलहाल इस घटना से लोगों मे काफी आक्रोश है।