बड़ी खबर : बाजपुर में फर्जी प्रमाण पत्र बनाने वाले कथित बड़े गिरोह का भंडाफोड़

बाजपुर में फर्जी प्रमाण पत्र तैयार किए जाने के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मौके पर एडीएम पंकज उपाध्याय, एसडीएम ऋचा शर्मा, CO अखिलेश कुमार, कोतवाल नरेश चौहान, तहसीलदार सहित राजस्व कर्मी मौजूद हैं और पूरे मामले की गहनता से जांच-पड़ताल की जा रही है।
प्रारंभिक कार्रवाई में एक यूपी क्षेत्र के चेयरमैन, एक महिला सहित तीन अन्य लोगों को प्रशासन की हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। अधिकारियों द्वारा संदिग्धों से प्रमाण पत्र तैयार कराने, दस्तावेजों की प्रक्रिया तथा इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।
प्रशासन को आशंका है कि फर्जी प्रमाण पत्र तैयार करने का यह मामला किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। जांच के दौरान दस्तावेजों और प्रमाण पत्रों की सत्यता के साथ-साथ इनके तैयार होने की प्रक्रिया और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
मामले में प्रशासन की ओर से एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों की पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद पूरे प्रकरण का विस्तृत खुलासा किए जाने की संभावना है। प्रशासन की कार्रवाई के बाद प्रमाण पत्रों के इस कथित फर्जीवाड़े से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। गौर तलब है कि पिछले दिनों मुख्यमंत्री ने पूरे राज्य में फर्जी प्रमाणपत्रों की जांच करने के निर्देश प्रशासन को दिये थे। जिसके बाद से सभी तहसीलों में जांच की कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। अब देखना यह भी होगा कि काशीपुर तहसील में यह जांच कब होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *