नैनीताल के जिला विकास प्राधिकरण सभागार में पर्यटन से जुड़े व्यवसायियों और स्टेक होल्डर्स और कैंचीधाम ट्रस्ट समेत जिम्मेदार विभागों के साथ एक बैठक आयोजित हुई।
आयुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में हल्द्वानी से भीमताल मार्ग में बॉटल नैक, क्रोसिंग व अन्य व्यस्त स्थानों में पुलिस कांस्टेबल की तैनाती, वीकएंड में हल्द्वानी और काठगोदाम से ऊपर टैक्सी बाइक प्रतिबंध किये गए है। इसके अलावा मंदिर प्रशासन अब कैंची धाम दर्शन के लिए पूर्व में पंजीकरण की व्यवस्था लागू करेगा जिसके अनुसार कैंची धाम में दर्शन के लिए आने से पूर्व पंजीकरण कराना अनिवार्य किया जाएगा।
बैठक में आयुक्त ने कहा कि कैंचीं में बेतहाशा ओवर रेटिंग की शिकायत आ रही हैं। वहां 150 रुपये का नींबू पानी, 50 रुपये की चाय, बाल्टी का महंगा पानी आदि लिए जा रहे हैं। कहा कि पी.डब्ल्यू.डी. बाईपास में सड़क डामरीकरण जल्द पूर्ण करने की कोशिश करें।
आयुक्त की तरफ से तय किया गया कि शटल से भक्तों को लाया जाएगा। शिप्रा नदी में नहाना प्रतिबंधित रहेगा, जिला पर्यटन अधिकारी के नेतृत्व में एक टीम बनाकर ओवर रेटिंग पर रोक लगाई जाएगी और इसपर काबू किया जाएगा। मंदिर में प्रवेश और निकासी अलग अलग होगी। वीकेंड में व्यवस्था सुधारने के लिए एस.डी.एम., आर.टी.ओ., पुलिस और टैक्सी यूनियन कैम्प लगाकर व्यवस्थाओं पर नजर रखेगे।
कुमाऊँ कमिश्नर श्री दीपक रावत ने मीडिया को बताया को जल्द ही कैंची धाम में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए दर्शन हेतु पंजीकरण की व्यवस्था लागू की जाएगी, फिलहाल प्रतिदिन 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं का पंजीकरण किया जाएगा, जिसे भविष्य में व्यवस्था की स्क्रूटनी करने के पश्चात बढ़ाया या घटाया जा सकता है।
गौरतलब है कि अक्टूबर माह के पहले ही सप्ताह में लंबी छुट्टी पड़ जाने के कारण अपेक्षा से अधिक सैलानी नैनीताल और कैंची धाम के लिए पहुंच गए थे, जिस कारण हल्द्वानी से नैनीताल, भीमताल मार्ग पर घंटों लंबे जाम लग गया था। हर वीकेंड पर बढ़ती पर्यटकों की संख्या के कारण लगातार हल्द्वानी से भीमताल व नैनीताल मार्ग पर लगने वाले इस जाम के कारण सैलानियों के साथ साथ स्थानीय लोगों विशेष रूप से फाड़ से नीचे हल्द्वानी की ओर आने वाले लोगों को भयंकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन व पुलिस को भी इस अव्यवस्था के कारण स्थानीय लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है। नई योजना के लागू हो जाने पर निश्चित ही स्थिति में सुधार आने की उम्मीद की जा रही है।