काशीपुर, आज पैगम्बर मुहम्मद की याद में शहर में जुलूस ए मुहम्मदी निकला गया, इस बार विशेष यह था कि शहर के मुस्लिमों ने इस जुलूस में डी. जे. बजाने पर पाबंदी लगाने का शानदार निर्णय लिया, इस निर्णय की शहर के सभी वर्गों ने खुले दिल से प्रशंसा भी की। वाकई में कई वर्षों बाद बिना डी.जे. के कानफाडू संगीत के निकाले गए इस जुलूस की अलग ही बात थी । हालांकि पुलिस प्रशासन द्वारा भी जुलूस के संबंध में कई दिशा निर्देश जारी किए थे, तथा सुरक्षा व्यवस्था के भी भरपूर इंतजाम किए गए थे। लेकिन जैसा कि सभी को मालूम था कि काशीपुर सदैव ही शांति और सौहार्द का शहर रहा है, जहाँ हर वर्ग के लोग एक दूसरे की धार्मिक मान्यताओं का पूरा सम्मान करते हैं, तथा कभी भी ऐसी कोई स्थिति पैदा नहीं हुई जिससे शहर की शांति व्यवस्था खराब हो।
शहर के सभी पार्टी के नेताओं और सामाजिक संस्थाओं ने भी बढ़ चढ़ कर जुलूस का स्वागत किया।एक बार फिर शहर ने साबित किया कि काशीपुर राजनीति की नज़र में भले एक कस्बा हो लेकिन लोगों में पारस्परिक सौहार्द की कमी नहीं है।