काशीपुर आईटीआई थाना क्षेत्र के ग्राम मड़ैया देवी में छात्रा की पड़ोस के घर में संदिग्ध परिस्थितियों में कनपटी पर गोली लगने से मौत हो गई। परिजनों ने आशंका जताई है कि छात्रा की हत्या की गई है। घटना के बाद आरोपी परिवार मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्राम मड़ैया देवी निवासी महेबीस जहां (22) पुत्री स्व. फरियाद हुसैन बृहस्पतिवार सुबह करीब 10:30 बजे पड़ोस में रहने वाले परिवार के घर गई थी। करीब 11:30 बजे घर से धमाके की आवाज आई। कुछ देर बाद पड़ोस का एक व्यक्ति खून से लथपथ महेबीस को उठाकर उसके भाई मोहम्मद फईम को सौंपकर भाग गया। छात्रा की बायीं कनपटी पर गोली लगी थी।
सूचना पर पैगा चौकी प्रभारी विक्रम सिंह धामी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घर पर आरोपी परिवार की दो नाबालिग लड़कियों के अलावा कोई नहीं मिला। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की। सूचना पर फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल और मृतका के घर से साक्ष्य जुटाए। पुलिस के मुताबिक हत्या में प्रयुक्त हथियार मौके से नहीं मिला है।
मृतका के भाई मोहम्मद फईम ने आरोप लगाया कि पड़ोसी परिवार के किसी सदस्य ने उसकी बहन की गोली मारकर हत्या की है। बताया जा रहा है कि पड़ोसी परिवार में पति-पत्नी, दो बेटे और तीन बेटियां रहते हैं जबकि मोहल्ले वालों के अनुसार परिवारों में कभी कोई मनमुटाव नहीं था। वहीं कुछ पड़ोसियों और मोहलेवालों ने आशंका जताई है कि कहीं महेबीस जहां और पड़ोस में रहने वाली तीन लड़कियां तमंचे के साथ रील तो नहीं बना रही थीं। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर घर में तमंचा कहां से आया और क्यों लोड करके रखा गया था।