भारतीय जनता पार्टी के संगठन में आज एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन आज अपनी नई टीम का ऐलान करने वाले हैं और इस टीम में सबसे ज्यादा चर्चा दो पुराने चेहरों की वापसी को लेकर है। सूत्रों के मुताबिक पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और स्मृति ईरानी एक बार फिर पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में अहम भूमिका में नजर आ सकते हैं।पार्टी के भीतर इस पूरी कवायद को सिर्फ एक रूटीन बदलाव के तौर पर नहीं देखा जा रहा। कई नेता इसे आने वाले बड़े राजनीतिक हलचल की शुरुआत मान रहे हैं। संगठन संरचना अपने अंतिम चरण में है और जल्द ही नई टीम का औपचारिक ऐलान किया जाएगा।कुल मिलाकर देखा जाए तो नितिन नबीन एक ऐसा संतुलन बनाने की कोशिश कर रहे हैं जहां एक तरफ युवा और नए चेहरों को मौका मिले, महिलाओं और अलग अलग क्षेत्रों की भागीदारी बढ़े, और दूसरी तरफ ठाकुर और ईरानी जैसे अनुभवी और जाने पहचाने चेहरे भी टीम को मजबूती दें। यही वजह है कि आज होने वाला यह ऐलान सिर्फ नामों की सूची भर नहीं, बल्कि बीजेपी की आने वाले चुनावी रणनीति की एक झलक भी माना जा रहा है।गौरतलब है कि यह नितिन नबीन की अध्यक्षता में होने वाला पहला बड़ा संगठनात्मक बदलाव है। नबीन इसी साल महज 45 साल की उम्र में बीजेपी के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे, और तभी से यह कयास लगाए जा रहे थे कि पार्टी अब एक नई, युवा पीढ़ी की तरफ कदम बढ़ा रही है। उनकी नियुक्ति को खुद पार्टी के भीतर एक बड़े जेनरेशनल शिफ्ट यानी पीढ़ी बदलाव के संकेत के तौर पर देखा गया था।